उज्जैन | बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री तमन्ना भाटिया शनिवार तड़के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने अपनी मां और परिवार के साथ भगवान महाकाल की भस्म आरती में हिस्सा लिया और उनका आशीर्वाद लिया। तमन्ना सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचीं। पारंपरिक साड़ी में मंदिर आईं अभिनेत्री ने नंदी हॉल में बैठकर लगभग दो घंटे तक भस्म आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे पूरे श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना करती नजर आईं।
नंदी महाराज के कान में कही मनोकामना
भस्म आरती के बाद तमन्ना भाटिया ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना कही। मंदिर समिति की ओर से अभिनेत्री और उनके परिवार का सम्मान भी किया गया।
मां को भी कराए महाकाल के दर्शन
दर्शन के बाद तमन्ना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होना उनके लिए बेहद आनंद का अनुभव रहा। वे अपनी मां को भी भगवान महाकाल के दर्शन कराने लाई थीं। मां के साथ दर्शन करके उन्हें बहुत खुशी हुई। तमन्ना की महाकाल मंदिर यात्रा के दौरान उनकी सादगी और श्रद्धाभाव देखने को मिला।