रायपुर: छत्तीसगढ़ में तूफान 'अर्नब' का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। यानी बारिश के बाद अब प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। हालांकि, शनिवार को कुछ इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। बारिश के कारण बेमेतरा जिले में कटाई के लिए तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचा है।
बेमेतरा में बारिश से भीगी धान की फसल
बेमेतरा जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में कटाई के लिए तैयार धान की फसल भीग गई है। कई जगहों पर बारिश और तेज हवाओं के कारण खड़ी फसल भी जमीन पर गिर गई है।खेतों में पानी भरने और लगातार नमी बने रहने से धान के दाने काले पड़ने, सड़ने और अंकुरित होने का खतरा है। किसानों ने प्रशासन से फसलों का सर्वे कराने और नुकसान के बदले मुआवजा देने की मांग की है।
दो जगहों पर बना लो प्रेशर एरिया
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उससे लगे मध्यप्रदेश के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है।इसके अलावा दक्षिणी अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार के आसपास भी एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
आज कुछ इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
मौसम विभाग ने शनिवार को छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है।विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों के बाद भी प्रदेश के कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी रह सकती है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में शनिवार यानी 31 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
शुक्रवार को सामान्य से 3.9 डिग्री कम रहा तापमान
शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा।मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में बारिश और बादलों के बाद प्रदेश में गर्मी का असर फिर बढ़ने की संभावना है।