नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी लागू कर दी गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि नई ईवी नीति का गजट नोटिफिकेशन जारी हो चुका है और यह तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। नई नीति के तहत इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया और छोटे व्यावसायिक वाहनों की खरीद पर आकर्षक सब्सिडी दी जाएगी। साथ ही 30 लाख रुपये तक कीमत वाले वाहनों पर रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क पूरी तरह माफ रहेगा।
ईवी खरीदने पर मिलेगी सब्सिडी और टैक्स में छूट
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 1 जुलाई से लागू नई ईवी पॉलिसी के तहत इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर खरीदने पर 30 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी। इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर खरीदने वालों को 50 हजार रुपये और एन-1 श्रेणी के छोटे कमर्शियल वाहनों (छोटा हाथी) पर 1 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि 30 लाख रुपये तक कीमत वाले सभी पात्र वाहनों पर रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन टैक्स पूरी तरह माफ रहेगा। इसके अलावा पुराने वाहन को स्क्रैप कर नया ईवी खरीदने वालों को भी सरकार की ओर से विशेष इंसेंटिव दिया जाएगा। यह लाभ दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों पर उपलब्ध होगा।
मौजूदा पेट्रोल वाहनों पर नहीं होगी कोई रोक
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नई ईवी पॉलिसी के तहत पहले से चल रहे पेट्रोल वाहनों पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास पहले से पेट्रोल वाहन हैं, वे निर्धारित वैधता अवधि तक बिना किसी परेशानी के उनका उपयोग कर सकते हैं। सरकार केवल भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।
2027 और 2028 से लागू होंगे नए प्रावधान
रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए चरणबद्ध तरीके से नए नियम लागू किए जाएंगे। जनवरी 2027 से लगभग एक लाख पारंपरिक थ्री-व्हीलर वाहनों के नए रजिस्ट्रेशन बंद कर दिए जाएंगे और उन्हें इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके अलावा अप्रैल 2028 से राजधानी में नए पेट्रोल चालित दोपहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा। हालांकि पहले से पंजीकृत पेट्रोल वाहन अपनी निर्धारित अवधि तक चलते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण का बड़ा कारण परिवहन क्षेत्र से होने वाला उत्सर्जन है। ऐसे में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देकर राजधानी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।