भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर भारत के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और मंगलवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के कई हिस्सों में पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर में भी मानसून की एंट्री होने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर के राज्यों असम और अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और करीब दो लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
दिल्ली-एनसीआर में 2-3 दिन में मानसून की दस्तक के आसार
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, मानसून ने मध्य प्रदेश के शेष हिस्सों के साथ-साथ छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी क्षेत्रों को भी कवर कर लिया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में नौ दिन की देरी से मानसून पहुंचा है, जिसके बाद अब प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा गुजरात के सूरत, मध्य प्रदेश के इंदौर, सागर और सीधी से होते हुए उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, अयोध्या और बरेली, फिर उत्तराखंड के देहरादून और हिमाचल प्रदेश के मंडी तक पहुंच चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
2 जुलाई से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
आईएमडी के अनुसार, 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में 6 जुलाई तक तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 से 5 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। उत्तराखंड में भी बुधवार से मौसम का मिजाज बदलने और तेज बारिश के साथ हवाएं चलने की संभावना है।
यूपी में सामान्य से 54 फीसदी कम बारिश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बरेली में सबसे अधिक 157 मिमी, ललितपुर में 106 मिमी, लखीमपुर खीरी में 99.4 मिमी, अयोध्या में 69 मिमी और अंबेडकरनगर में 66 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद कई जिलों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार जून महीने में प्रदेश में सामान्य से 54 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 58 प्रतिशत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 47 प्रतिशत कम बारिश हुई।
दिल्ली में उमस से हाल बेहाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून का इंतजार अभी जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उमस के कारण महसूस किया जाने वाला तापमान 53.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तकनीकी रूप से लू नहीं चली, लेकिन अत्यधिक नमी के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
उत्तराखंड में चार दिन भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होने के बाद मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 1 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 3 और 4 जुलाई को भी पर्वतीय जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है।