नई दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद राजधानी का मौसम सुहावना हो गया और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
बारिश से तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार देर रात मंडी हाउस समेत कई इलाकों में बारिश हुई, जिसके चलते पिछले 24 घंटों में तापमान में करीब 5.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग मौसम केंद्र में 0.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और न्यूनतम 48 प्रतिशत रही।
तीन दिन के लिए यलो अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2, 3 और 4 जुलाई के लिए दिल्ली-एनसीआर में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक इन दिनों आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। दोपहर और शाम के समय मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
मौसम विभाग ने बताया कि 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर 2 जुलाई की देर रात या 3 जुलाई की सुबह से दिल्ली और आसपास के इलाकों में देखने को मिल सकता है। इसके कारण अगले कई दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव बना रहेगा।
जल्द दस्तक देगा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। इस बार मानसून सामान्य तिथि से कुछ दिन देरी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन जल्द ही राजधानी में इसकी औपचारिक एंट्री होने की उम्मीद है। मानसून सक्रिय होने के बाद तापमान में और गिरावट आने तथा बारिश का सिलसिला तेज होने की संभावना जताई गई है।