दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। सोमवार (30 जून) से मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिली और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों में मॉनसून की गतिविधियां तेज होंगी, जिससे तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है।
30 जून: बारिश और गरज-चमक के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। विभाग ने दोपहर बाद बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।
1 जुलाई से और सुहावना होगा मौसम
1 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं।
2 और 3 जुलाई: तापमान 33 डिग्री तक पहुंचेगा
2 जुलाई को मौसम सबसे अधिक राहत देने वाला रह सकता है। अधिकतम तापमान घटकर 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दिन गरज-चमक, बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना है। 3 जुलाई को भी लगभग इसी तरह का मौसम बना रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।
4 से 6 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, 4, 5 और 6 जुलाई को भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। हालांकि इन दिनों कोई विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
IMD की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचें और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें। अगले कुछ दिनों तक बारिश और ठंडी हवाओं के चलते दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।