राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 1 और 2 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दोनों दिनों में गरज-चमक, तेज सतही हवाओं और मध्यम बारिश की संभावना है। माना जा रहा है कि यह मानसून के सक्रिय चरण की शुरुआत हो सकती है, जिससे पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलेगी।
1 जुलाई को बादल और मध्यम बारिश के आसार
आईएमडी के अनुसार 1 जुलाई को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गई है।
2 जुलाई को और सक्रिय होगा मौसम
2 जुलाई को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान करीब 4 डिग्री गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
3 से 6 जुलाई तक भी जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 3 जुलाई को भी अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह आर्द्रता 80 प्रतिशत और शाम तक 60 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जिससे वातावरण में नमी बनी रहेगी और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।
4 जुलाई को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 5 और 6 जुलाई को भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री तथा न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इन दिनों भी गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें। विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलेगी।