नई दिल्ली- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को भी मौसम सुहावना रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शहर में दिनभर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
बारिश से मिलेगी उमस और गर्मी से राहत
मौसम विभाग के मुताबिक सुबह या दोपहर के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद शाम या रात में एक और दौर की बारिश की संभावना है। बारिश के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
तापमान में आएगी गिरावट
IMD के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिनभर दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
सोमवार को कैसा रहा मौसम?
सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान शहर में अधिकतम आर्द्रता 92 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 53 प्रतिशत दर्ज की गई, जिसके कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ा।
अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। इस दौरान बीच-बीच में बारिश और बादल छाए रहने की संभावना बनी रहेगी।