भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में इन दिनों एक सोशल मीडिया पोस्ट ने हलचल मचा दी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की एक पोस्ट के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या वे सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की तैयारी कर रहे हैं। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा - “मेरी सेवानिवृत्ति योजनाएं? हो सकता है। क्यों नहीं?”। इस एक लाइन ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी है।
राज्यसभा कार्यकाल जून में होगा समाप्त
दिग्विजय सिंह फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं और उनका कार्यकाल जून 2026 में समाप्त होने वाला है। इसी बीच उनकी इस पोस्ट ने अटकलों को और हवा दे दी है कि राज्यसभा कार्यकाल खत्म होने के बाद वे सक्रिय राजनीति से दूरी बना सकते हैं। हालांकि अभी तक उन्होंने सीधे तौर पर राजनीति से संन्यास की घोषणा नहीं की है।
एक रिटायर्ड बैंक मैनेजर की पोस्ट से जुड़ा मामला
दरअसल यह पोस्ट एक सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर सिबानंद भंजा की तस्वीर से जुड़ी है। भंजा रिटायरमेंट के बाद भारत भ्रमण पर निकले हैं। उनकी तस्वीर साझा करते हुए दिग्विजय सिंह ने मजाकिया अंदाज में अपनी सेवानिवृत्ति योजनाओं को लेकर सवाल उठाया। लेकिन इस पोस्ट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं।
क्या मार्गदर्शक की भूमिका में आएंगे?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दिग्विजय सिंह सक्रिय चुनावी राजनीति से दूरी बनाकर पार्टी में मार्गदर्शक की भूमिका निभा सकते हैं। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने पहले ही ऐलान कर दिया था कि अब वे कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे।
भाजपा के लिए बदल सकता है चुनावी नैरेटिव
मध्यप्रदेश की राजनीति में दिग्विजय सिंह एक बड़ा और चर्चित चेहरा रहे हैं। भाजपा अक्सर उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल (1993-2003) को लेकर उन्हें निशाने पर रखती रही है। ऐसे में अगर वे सक्रिय राजनीति से दूर होते हैं तो भाजपा को अपना चुनावी नैरेटिव बदलना पड़ सकता है।
पहले भी दे चुके हैं अलग-अलग संकेत
हालांकि दिग्विजय सिंह पहले भी कई बार अपने बयानों से चर्चा में रहे हैं। जनवरी 2026 में उन्होंने साफ कहा था कि “मैं न टायर्ड हूं और न ही रिटायर होने जा रहा हूं।” यही वजह है कि उनके ताजा सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
Comments (0)