Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 9 राज्यों को कवर करते हुए अब राजधानी दिल्ली में प्रवेश कर चुकी हैं। यात्रा के बीच कांग्रेस के सीनियर नेता पवन खेड़ा का बड़ा बयान सामने आया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 2024 में पीएम बनने पर पवन खेड़ा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, यह तो 2024 ही तय करेगा, पर अगर आप हमसे पूछेंगे तो निश्चित रूप से राहुल गांधी को PM बनना चाहिए।
Bharat Jodo Yatra ने किया दिल्ली में प्रवेश
भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह ही देश की राजधानी दिल्ली में प्रवेश कर गई हैं। लगभग 6 बजे NHPC मेट्रो स्टेशन फरीदाबाद से पदयात्रा शुरू करने के बाद दिल्ली पहुंची। यहां पहुंचने के बाद यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर एक बार फिर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, देश का आम आदमी अब प्यार की बात कर रहा है, लाखों लोग हर राज्य में यात्रा में शामिल हो रहे हैं। राहुल ने आगे कहा कि, हमने BJP, RSS के लोगों से कहा है कि, हम आपके नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोलने आए हैं।
दिल्ली के रास्तों पर यातायात में किया गया बदलाव
वहीं यात्रा को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि, 24 दिसंबर 2022 को दिल्ली में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर विभिन्न रास्तों पर यातायात में बदलाव किया गया हैं। दिल्ली यातायात पुलिस ने जनता से अपील करते हुए कहा है कि, वे प्रभावित सड़कों से बचें और सार्वजनिक परिवहन का ही उपयोग करें।
यात्रा ने 9 राज्यों को कवर किया
आपको बता दें कि, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत 7 सितंबर को कन्याकुमारी से हुई थी। अबतक यात्रा ने कुल 9 राज्यों को कवर किया है, जिनमें तमिलनाडु, केरल,कर्नाटक,आंध प्रदेश, तेलंगाना, मप्र, राजस्थान महाराष्ट्र और हरियाणा शामिल हैं। यात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओं का दावा हैं कि, इतिहास में किसी भी भारतीय राजनेता द्वारा सबसे लंबा पैदल मार्च हैं।