दिल्ली शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी व केंद्र सरकार पर विपक्षी गठबंधन के नेता हमलावर है। वहीं इस मामले पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर जोरदार निशाना साधा हैं। वहीं सीएम केजरीवाल ने आप नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी को 'गैरकानूनी' बताया।
नंबर अरविंद केजरीवाल का हो सकता है
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि, केजरीवाल ने जिन लोगों को ईमानदारी का सर्टिफिकेट जारी किया, वे जेल में हैं। बीजेपी नेता ने कहा कि, अब अगला नंबर अरविंद केजरीवाल का हो सकता है। उन्होंने आगे कहा कि, केजरीवाल के चेहरे का तनाव साफ देखा जा सकता है, लोग उन पर हंस रहे हैं। ठाकुर ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि, डिप्टी सीएम जेल में हैं, ये वह लोग हैं, जो इंडिया अगेंस्ट करप्शन के नारे लगाकर सामने आए थे लेकिन अब भ्रष्टाचार में शामिल हैं।
सरगना अभी भी बाहर है
भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के सीएम व आप पार्टी के संयोजन केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि, सब जेल में हैं, लेकिन सरगना अभी भी बाहर है, उसका नंबर भी आएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, जांच चल रही है। जिन लोगों को अरविंद केजरीवाल ने ईमानदारी का सर्टिफिकेट जारी किया था, वे सभी एक साल से जेल में हैं। आपको बता दें कि, बीजेपी नेता का इशारा मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह की तरफ है।
शराब सब का नाश करती है- गौतम गंभीर
संजय सिंह की गिरफ्तारी पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद व पूर्व किक्रेटर गौतम गंभीर ने तंज कसा है। भारतीय जना पार्टी के नेता गौतम गंभीर ने कहा कि, शराब सब का नाश करती है, चाहे सेहत हो या चरित्र, 'आप' का क्यों नहीं करेगी?
Comments (0)