शिमला: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें जल्द से जल्द बहाल करने के लिए सभी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
संवेदनशील इलाकों में मशीनें तैनात करने के निर्देश
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए जहां भी आवश्यकता होगी, वहां मशीनें तैनात की जाएंगी। उन्होंने कहा कि बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
104 बंद सड़कों में से आधी से ज्यादा शाम तक खुलेंगी
उन्होंने बताया कि सुबह समीक्षा बैठक के समय प्रदेश में करीब 104 सड़कें बंद थीं। इनमें से 50 से 55 सड़कें शाम तक यातायात के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बारिश के मौसम में सतर्क रहने की अपील
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लगातार बारिश के इस मौसम में चुनौतियां बनी रहेंगी। ऐसे में प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहा है और लोगों से भी मौसम विभाग की सलाह का पालन करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।