देश के वरिष्ठ पत्रकार, राजनयिक और पूर्व सांसद एचके दुआ का बुधवार को 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। परिवार के एक सदस्य के अनुसार उन्होंने दोपहर में एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और करीब तीन सप्ताह पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को लोधी रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा।
1 जुलाई 1937 को जन्मे एचके दुआ ने भारतीय पत्रकारिता में लंबा और प्रभावशाली योगदान दिया। वे The Tribune के एडिटर-इन-चीफ रहे और अपनी निष्पक्ष व बेबाक लेखनी के लिए जाने जाते थे। वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और एच डी देवेगौड़ा के मीडिया सलाहकार भी रह चुके थे।
दुआ 2009-2015 तक राज्यसभा के सदस्य रहे। वे 2001 से 2003 तक डेनमार्क में भारत के राजदूत रहे। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें 2008 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।
Comments (0)