नई दिल्ली- भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जुलाई 2026 के लिए मासिक मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए देशभर के लिए अहम चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार जुलाई में पूरे देश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। साथ ही अधिकांश राज्यों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
देशभर में सामान्य से कम रह सकती है बारिश
आईएमडी के अनुसार जुलाई महीने में पूरे देश में औसत वर्षा सामान्य के 94 प्रतिशत से भी कम रहने का अनुमान है। हालांकि सभी राज्यों में स्थिति एक जैसी नहीं होगी। पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत के कुछ इलाकों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है, जबकि देश के कई अन्य क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है।
गर्मी और उमस लोगों की बढ़ाएगी परेशानी
मौसम विभाग ने बताया कि जुलाई में देश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। इससे लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ सकता है। केवल पश्चिम-मध्य भारत के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा कम रहने की संभावना है, जबकि मध्य और उत्तर-पूर्व भारत के कुछ क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य रह सकता है।
किसानों के लिए IMD की विशेष सलाह
आईएमडी ने कहा कि यदि बारिश सामान्य से कम रहती है तो इसका असर खेती, सिंचाई, पेयजल उपलब्धता और बिजली उत्पादन पर पड़ सकता है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दें और मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाएं। समय रहते बेहतर जल प्रबंधन अपनाने से संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है।
अल नीनो और IOD पर भी नजर
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रशांत महासागर में कमजोर अल नीनो (El Niño) जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं और दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान इनके और मजबूत होने की संभावना है। वहीं हिंद महासागर में इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) फिलहाल सामान्य स्थिति में है और मानसून के शेष सीजन में भी इसके सामान्य बने रहने का अनुमान है।
राज्यों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह
आईएमडी ने राज्यों, किसानों और संबंधित एजेंसियों से मौसम संबंधी पूर्वानुमानों और चेतावनियों पर लगातार नजर रखने की अपील की है। विभाग ने अगले चार सप्ताह का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान भी जारी किया है ताकि प्रशासन, किसान और आम नागरिक अपनी योजनाएं उसी के अनुसार बना सकें। मौसम विभाग जुलाई के अंत में अगस्त और मानसून सीजन के अगले चरण का नया पूर्वानुमान भी जारी करेगा।