नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और गुजरात में बारिश से जुड़े कई हादसे सामने आए हैं। कहीं बाढ़ में हजारों एलपीजी सिलेंडर बह गए तो कहीं मकान ढहने और नदी में बहने की घटनाएं हुईं। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
महाराष्ट्र में बाढ़ में बहे 3 हजार LPG सिलेंडर
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार बारिश के बाद पातालगंगा नदी में आई बाढ़ के कारण पनवेल स्थित एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में पानी भर गया। इसके चलते करीब 3 हजार एलपीजी सिलेंडर नदी में बह गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सिलेंडर दिखाई दें तो उन्हें न छुएं और तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
मध्यप्रदेश में नदी में बहा युवक
मध्यप्रदेश में बुधवार को 27 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 1.75 इंच वर्षा दमोह में हुई। वहीं खरगोन जिले में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया, जिसकी तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
अजमेर में बारिश से मकान ढहा, तीन लोग मलबे में दबे
राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में बुधवार रात लगातार बारिश के कारण एक मकान ढह गया। हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोग मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और तीनों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं अलवर में भारी बारिश के कारण कई बाजारों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
दिल्ली में जलभराव, ऑरेंज अलर्ट जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। रेलवे स्टेशन, मुनिरका और कई अन्य इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे पहले बुधवार को रोहिणी में निर्माणाधीन इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई थी।
सूरत और पुणे में भी बिगड़े हालात
गुजरात के सूरत में लगातार तीसरे दिन बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पिछले तीन दिनों में बाढ़ और बारिश से जुड़े हादसों में 19 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं महाराष्ट्र के पुणे में भारी बारिश के चलते कचरे का पहाड़ तीन मंजिला इमारत पर गिर गया, जिससे इमारत ढह गई और राहत-बचाव कार्य चलाया गया।