नई दिल्ली। देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। गुरुवार को मानसून ने पूरे भारत को कवर कर लिया। सामान्य तौर पर मानसून 8 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है, लेकिन इस बार यह एक दिन की देरी से देश के सभी हिस्सों में सक्रिय हुआ। इसके साथ ही कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
यूपी के कई शहरों में झमाझम बारिश
उत्तरप्रदेश में गुरुवार सुबह से नोएडा, गाजियाबाद, मथुरा, मेरठ, बुलंदशहर सहित करीब 50 शहरों में तेज बारिश दर्ज की गई। नोएडा के कई इलाकों में सड़कों पर एक से दो फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। वहीं गाजियाबाद में भारी बारिश के कारण करीब 10 फीट सड़क धंस गई, जिसमें एक कार और एक बाइक गड्ढे में समा गई।
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से बढ़ी मुश्किलें
लगातार बारिश के चलते उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में नालूपानी और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं टिहरी जिले में एनएच-707A पर दुकानों के समीप भूस्खलन के कारण एक मकान ढह गया। प्रशासन के अनुसार आसपास के दो से तीन मकानों पर भी खतरा बना हुआ है।
राजस्थान में मकान ढहा, लोगों का रेस्क्यू
राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में बुधवार रात लगातार बारिश के कारण एक मकान गिर गया। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे पति-पत्नी समेत लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
महाराष्ट्र में बाढ़ में बहे 3 हजार LPG सिलेंडर
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश के बाद पातालगंगा नदी में आई बाढ़ के कारण पनवेल स्थित एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से करीब 3 हजार एलपीजी सिलेंडर बह गए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं सिलेंडर दिखाई दें तो उन्हें हाथ न लगाएं और तत्काल प्रशासन को सूचना दें।
कई राज्यों में अलर्ट, प्रशासन सतर्क
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कई राज्यों में मौसम विभाग ने भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन प्रभावित इलाकों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।