नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून ने विकराल रूप धारण कर लिया है। जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जबकि महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
डोडा में बादल फटा, घर-दुकानें और वाहन मलबे में दबे
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ऊपरी क्षेत्रों में बादल फटने के बाद अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। पहाड़ों से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा नीचे आने से कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है। सड़कों पर खड़े कई वाहन मलबे में दब गए। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में हालात का जायजा लेकर राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
महाराष्ट्र में भारी बारिश, मुंबई-नासिक में स्कूल-कॉलेज बंद
महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश जारी है। मुंबई में पिछले 48 घंटों के दौरान करीब 380 मिमी (15 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर मुंबई के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं नासिक जिले में भी सभी शिक्षण संस्थान बंद रखे गए हैं। त्र्यंबकेश्वर मंदिर और महाराष्ट्र के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल सप्तश्रृंगी मंदिर को भी श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश में 35 से अधिक जिलों में बारिश
मध्यप्रदेश में भी पिछले 24 घंटों के दौरान 35 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। खजुराहो में सबसे अधिक 4.4 इंच वर्षा रिकॉर्ड हुई। छतरपुर जिले के बमीठा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-39 पर करीब तीन फीट तक पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
बालाघाट में नदी के तेज बहाव में बहे क्रेन और जेसीबी
बालाघाट जिले में महाराष्ट्र सीमा से लगी बाघ नदी के उफान पर आने से बड़ा नुकसान हुआ। किरनापुर-लांजी मार्ग पर पुल निर्माण कार्य में लगी क्रेन, जेसीबी, लोडर और अन्य मशीनें तेज बहाव में बह गईं। लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।