नई दिल्ली- देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से सक्रिय हो गया है और भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 2-3 दिनों में पूरे देश में मानसून के पहुंचने का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक गुरुवार 9 जुलाई को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, पंजाब समेत 23 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
दिल्ली, यूपी और बिहार में फिर सक्रिय हुआ मानसून
IMD के अनुसार डीप डिप्रेशन के प्रभाव से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं 9 से 12 जुलाई के बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में पूर्वी जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों में चित्रकूट में सबसे अधिक 144.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश में 9 और 10 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। बिहार, झारखंड और सिक्किम में भी मूसलाधार बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में 12 जुलाई तक लगातार भारी बारिश का दौर बना रह सकता है।
हिमालयी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में जलभराव की आशंका जताई है। पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में भी अगले दो दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत में भी भारी बारिश
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं महाराष्ट्र में भी कई जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। गोवा और गुजरात के कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कई राज्यों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी
IMD ने गुजरात के कई हिस्सों में आकस्मिक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा राजस्थान के डूंगरपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ जिले भी चेतावनी वाले क्षेत्रों में शामिल हैं। मुंबई, ठाणे, पालघर, सिंधुदुर्ग, गोवा, हिमाचल प्रदेश के शिमला और सिरमौर तथा उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल में भी फ्लैश फ्लड का खतरा जताया गया है।