देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम ने फिर से अलग तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर और मध्य भारत के मैदानी राज्यों में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। मार्च की शुरुआत के साथ ही मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के कई शहरों में दिन का पारा 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।
मध्य प्रदेश में मंगलवार को 25 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 33°C से ऊपर रहा। धार में सबसे ज्यादा 35.9°C दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 36.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजस्थान के बाड़मेर में पारा 38°C से अधिक पहुंच गया।
दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम करवट लेने वाला है। शिमला सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अगले दो दिनों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। उत्तराखंड में देहरादून समेत मैदानी जिलों में गर्मी बढ़ रही है, लेकिन 8 मार्च से पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
अगले दो दिन का मौसम पूर्वानुमान
6-7 मार्च को जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश व बर्फबारी की संभावना है। देशभर में बदलते मौसम के बीच लोगों को गर्मी और ठंड, दोनों के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।
Comments (0)