तेल अवीव/तेहरान। मिडिल ईस्ट में जारी जंग का शनिवार को आठवां दिन है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। ईरान ने जहां एक तरफ पड़ोसी देशों से माफी मांगते हुए कहा कि वह अब उनकी जमीन पर हमला नहीं करेगा, वहीं कुछ ही देर बाद कतर की राजधानी दोहा में धमाका होने की खबर सामने आई। इस बीच अमेरिका ने भी ईरान के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा हमला करने की चेतावनी दी है। अमेरिका के वित्त मंत्री ने कहा कि इस हमले का लक्ष्य ईरान के मिसाइल लॉन्चर और मिसाइल बनाने वाली फैक्ट्रियों को नष्ट करना होगा।
पड़ोसी देशों से ईरान की माफी
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ तनाव नहीं बढ़ाना चाहता। उन्होंने पिछले दिनों हुए हमलों के लिए माफी मांगते हुए कहा कि भविष्य में ऐसे हमलों से बचने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि अगर किसी पड़ोसी देश की जमीन से ईरान पर हमला नहीं होता है तो ईरान भी वहां कार्रवाई नहीं करेगा। हालांकि उनके बयान के कुछ ही मिनट बाद दोहा,कतर में धमाके की खबर सामने आई, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।
तेल अवीव पर ईरान के हवाई हमले
जंग के बीच ईरान ने शुक्रवार रात तेल अवीव ,इजराइल पर कई हवाई हमले किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक 28 फरवरी से शुरू हुई इस जंग में ईरान अब तक इजराइल समेत मध्य पूर्व के 13 देशों को निशाना बना चुका है। हमलों के कारण कई शहरों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सैन्य गतिविधियां तेज कर दी गई हैं।
अमेरिका का सबसे बड़े हमले का ऐलान
अमेरिका ने भी ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान के खिलाफ बड़ा सैन्य अभियान चलाया जाएगा। उनके अनुसार इस हमले का मुख्य उद्देश्य ईरान की मिसाइल क्षमता को कमजोर करना है। इसके तहत मिसाइल लॉन्चर और मिसाइल फैक्ट्रियों को निशाना बनाया जाएगा।
जॉर्डन में अमेरिका का डिफेंस सिस्टम तबाह
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने जॉर्डन के एक एयरबेस पर तैनात अमेरिका के मिसाइल डिफेंस सिस्टम को भी निशाना बनाया है। बताया जा रहा है कि हमले में अमेरिका का THAAD missile defense system और AN/TPY‑2 Radar क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी कीमत करीब 300 मिलियन डॉलर यानी लगभग 2700 करोड़ रुपये बताई जाती है। यह सिस्टम दुश्मन की मिसाइलों को पहचानकर उन्हें हवा में ही नष्ट करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
दुबई एयरपोर्ट पर धमाका, उड़ानें रद्द
जंग का असर खाड़ी देशों में भी दिखाई देने लगा है। दुबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर धमाके की खबर के बाद एयरलाइन अमीरात ने अपनी सभी उड़ानों को अगली सूचना तक रद्द कर दिया है। एयरलाइन ने कहा कि यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है।
ईरान का युद्धपोत भारत में रुका
इस बीच ईरान का युद्धपोत आइरिश लवान भारत के कोची बंदरगाह पर रुका हुआ है। तकनीकी खराबी के कारण ईरान ने भारत से मदद मांगी थी। भारतीय नौसेना की अनुमति के बाद जहाज को 1 मार्च को कोच्चि में डॉक करने की मंजूरी दी गई थी और 4 मार्च को यह बंदरगाह पहुंच गया। जहाज के 183 क्रू मेंबर फिलहाल भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे हुए हैं।
हालात लगातार तनावपूर्ण
मिडिल ईस्ट में तेजी से बदलते हालात को देखते हुए दुनिया भर की निगाहें इस संघर्ष पर टिकी हैं। अगर अमेरिका और ईरान के बीच बड़ा सैन्य हमला होता है तो इसका असर पूरे क्षेत्र और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
Comments (0)