हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मंत्री जगत सिंह नेगी की ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मंत्री के बयान को भारतीय सेना का अपमान करार दिया है। उन्होंने कांग्रेस से देश और सेना से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कांग्रेस माफी नहीं मांगती है तो हिमाचल प्रदेश की जनता आंदोलन शुरू करेगी।
जगत सिंह नेगी के बयान पर अनुराग ठाकुर का हमला
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाना कांग्रेस की आदत बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी राफेल और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लगातार सेना पर सवाल उठाते रहे हैं। अब प्रदेश सरकार के मंत्री ने विधानसभा में सेना को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
सेना और देश से माफी मांगे कांग्रेस: अनुराग ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए सेना का मनोबल गिराने वाली बयानबाजी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मंत्री जगत सिंह नेगी से अपने बयान के लिए भारतीय सेना और देश से माफी मांगने को कहा।
राहुल गांधी को खुश करने में जुटे हैं कांग्रेस नेता: ठाकुर
सांसद अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस में मंत्री पद पाने और बचाने की होड़ लगी हुई है। पार्टी के नेता राहुल गांधी को खुश करने में जुटे हुए हैं।
माफी नहीं मांगी तो हिमाचल में होगा आंदोलन
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि सेना के शौर्य पर सवाल उठाना अनुचित है। इस तरह की बयानबाजी से सैनिकों का मनोबल प्रभावित हो सकता है। देश की सुरक्षा में लगे जवानों का सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी नेता को राजनीतिक फायदे के लिए सेना को निशाना नहीं बनाना चाहिए।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस इस मामले में माफी नहीं मांगती है तो हिमाचल प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।