1 जुलाई से देशभर में कई महत्वपूर्ण नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं ईंधन, गैस, आधार, पासपोर्ट, रेलवे, क्रेडिट कार्ड और ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े कई नए नियम लागू होंगे। ऐसे में अतिरिक्त खर्च और असुविधा से बचने के लिए इन बदलावों की जानकारी पहले से होना जरूरी है।
पेट्रोल-डीजल पर लगी अस्थायी पाबंदियां होंगी खत्म
केंद्र सरकार ने वेस्ट एशिया में तनाव के चलते 12 जून को पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर कुछ अस्थायी प्रतिबंध लगाए थे। इसके तहत एक ग्राहक या वाहन को प्रतिदिन अधिकतम 200 लीटर डीजल देने की सीमा तय की गई थी और बड़े उपभोक्ताओं को निर्धारित कंज्यूमर पंप से ईंधन लेने के निर्देश दिए गए थे।
अब पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 29 जून को जारी आदेश में इन प्रतिबंधों को 1 जुलाई से हटाने का फैसला किया है। इसके बाद बड़े उपभोक्ता पहले की तरह सामान्य तरीके से ईंधन खरीद सकेंगे।
LPG, CNG, PNG और ATF की नई कीमतें
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां ईंधन और गैस की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 जुलाई को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर, सीएनजी, पीएनजी और विमान ईंधन (ATF) के दामों में बदलाव हो सकता है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों पर भी लोगों की नजर रहेगी।
आधार में ईमेल अपडेट करना होगा मुफ्त
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधारधारकों को बड़ी राहत दी है। 1 जुलाई से 31 दिसंबर तक नए आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल आईडी जोड़ने या अपडेट कराने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। पहले इसके लिए 75 रुपये देने पड़ते थे। हालांकि अन्य माध्यमों से अपडेट कराने पर निर्धारित शुल्क देना होगा।
पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा
पासपोर्ट संशोधन नियम 2026 के तहत 1 जुलाई से पासपोर्ट शुल्क बढ़ा दिया गया है। सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणियों की फीस में बढ़ोतरी की गई है। खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट, पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट और अन्य सेवाओं की फीस भी बढ़ेगी। हालांकि पासपोर्ट की वैधता में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बिना टिकट ट्रेन यात्रा पर बढ़ेगा जुर्माना
रेलवे अधिनियम में संशोधन के बाद 1 जुलाई से बिना टिकट या गलत टिकट के साथ यात्रा करने पर न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया जाएगा। रेलवे का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना और नियमों को सख्ती से लागू करना है।
क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव
1 जुलाई से एसबीआई कार्ड और एचडीएफसी बैंक के कुछ क्रेडिट कार्डों के नियम बदलेंगे। कुछ कार्डों पर रिवॉर्ड पॉइंट की व्यवस्था में बदलाव होगा, जबकि एयरपोर्ट लाउंज सुविधा का लाभ लेने के लिए न्यूनतम खर्च की नई शर्त लागू की जाएगी।
कार खरीदना होगा महंगा
जुलाई की शुरुआत के साथ नई कार खरीदना भी महंगा हो जाएगा। टाटा मोटर्स अपनी यात्री और कमर्शियल गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी करेगी। वहीं किआ इंडिया ने भी अपनी सभी कारों के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनियों ने इसकी वजह कच्चे माल की बढ़ती लागत और उत्पादन खर्च में इजाफा बताया है।
आयकर रिटर्न को लेकर भ्रम से बचें
सोशल मीडिया पर आयकर रिटर्न से जुड़े नियमों में 1 जुलाई से बदलाव की चर्चा हो रही है, लेकिन फिलहाल ऐसा कोई नया नियम लागू नहीं हो रहा है। आकलन वर्ष 2026-27 के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया पहले से जारी है और निर्धारित अंतिम तिथियां पहले की तरह ही लागू रहेंगी।
LPG और PNG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी अपडेट
जिन उपभोक्ताओं के पास एलपीजी सिलेंडर और पीएनजी दोनों कनेक्शन हैं, उनके लिए सरकार द्वारा दी गई समयसीमा 30 जून को समाप्त हो रही है। 1 जुलाई से इससे जुड़े प्रावधान लागू हो सकते हैं। हालांकि दोनों कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं की गैस आपूर्ति बंद करने संबंधी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में उपभोक्ताओं को समय रहते अपने कनेक्शन की स्थिति स्पष्ट कर लेनी चाहिए।