कश्मीर घाटी में लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस के बीच स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिली है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने कश्मीर संभाग के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 14 दिनों की गर्मियों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। शिक्षा निदेशालय कश्मीर (DSEK) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 6 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।
20 जुलाई से फिर खुलेंगे स्कूल
शिक्षा विभाग के सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी आदेश के मुताबिक यह फैसला कक्षा 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। गर्मियों की छुट्टियां समाप्त होने के बाद 20 जुलाई 2026 से सभी स्कूल नियमित रूप से फिर से खुल जाएंगे।
भीषण गर्मी को देखते हुए लिया गया निर्णय
पिछले कुछ दिनों से कश्मीर घाटी में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी। अभिभावकों और विभिन्न शिक्षक संगठनों ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गर्मियों की छुट्टियां घोषित करने की मांग की थी। मौसम की स्थिति और जनहित को देखते हुए शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया।
शिक्षा मंत्री ने दी सुरक्षित छुट्टियों की शुभकामनाएं
जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इतू ने सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को सुरक्षित एवं स्वस्थ छुट्टियों की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों से भीषण गर्मी के दौरान पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश
शिक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकार के इस आदेश का सभी सरकारी और निजी स्कूलों में सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी छात्र या कर्मचारी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े