मुंबई - महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नासिक में बादल फटने की आशंका को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है। एहतियात के तौर पर स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, जबकि कई इलाकों में लोगों से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
त्र्यंबकेश्वर मंदिर बंद, पुलिस ने की बैरिकेडिंग
नासिक के त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में लगातार तेज बारिश और खराब मौसम के कारण प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए बंद रखा गया। पहाड़ी क्षेत्र में घने काले बादल छाए हुए हैं और तेज हवाओं के साथ लगातार बारिश जारी है। पुलिस ने मंदिर के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है, जिससे दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालुओं को निराश लौटना पड़ा।
मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
भारी बारिश का असर मुंबई एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के चलते 13 उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जबकि कई उड़ानें रद्द या विलंबित रहीं। एयर इंडिया और इंडिगो ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए एयरपोर्ट रवाना होने से पहले फ्लाइट स्टेटस जांचने की अपील की है।
मुंबई लोकल और रेल सेवाएं प्रभावित
लगातार बारिश के कारण मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। मध्य रेलवे की फास्ट और स्लो दोनों लाइनें 15 मिनट से अधिक की देरी से चल रही हैं। वहीं, कर्जत-लोनावाला घाट सेक्शन में भूस्खलन के कारण रेल परिचालन पर असर पड़ा है।
पुणे में जलभराव, वाहन फंसे
पुणे के वाघोली इलाके में भारी बारिश के चलते नाले पर कथित अतिक्रमण की वजह से पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया। कई सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे एक बस सहित कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए और यातायात बाधित रहा।
पुणे-मुंबई मिसिंग लिंक कॉरिडोर आंशिक रूप से खुला
लगभग 18 घंटे बंद रहने के बाद पुणे-मुंबई मिसिंग लिंक कॉरिडोर को दो लेन पर यातायात के लिए खोला गया है। हालांकि सुरंग के ऊपर से अब भी पानी और छोटे पत्थर गिर रहे हैं, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
कोल्हापुर में पंचगंगा नदी उफान पर
कोल्हापुर जिले में पिछले छह दिनों से जारी बारिश के कारण पंचगंगा नदी का जलस्तर बढ़कर 35 फीट तक पहुंच गया है। नदी किनारे के इलाकों में प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।