मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव, नदियों का जलस्तर बढ़ने और मकान गिरने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।
ठाणे-पालघर समेत कई जिलों में सबसे ज्यादा बारिश
बारिश का सबसे अधिक असर ठाणे, पालघर, रायगढ़, मुंबई उपनगर और पुणे में देखने को मिला। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, ठाणे में 196.9 मिमी, पालघर में 185.4 मिमी, रायगढ़ में 134.1 मिमी, मुंबई उपनगर में 125 मिमी और पुणे में 69.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
उफान पर नदियां, निचले इलाकों में बढ़ी चिंता
लगातार हो रही बारिश के चलते राज्य की कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। एहतियात के तौर पर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
समुद्री तट के लिए रेड अलर्ट जारी
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने महाराष्ट्र के पूरे समुद्री तट के लिए मध्यरात्रि तक रेड अलर्ट जारी किया है। समुद्र में ऊंची लहरें और तेज ज्वार आने की आशंका को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
प्रशासन ने समुद्र किनारे होने वाली सभी गतिविधियों से बचने की अपील की है। मछुआरों और छोटी-बड़ी नौकाओं को समुद्र में नहीं जाने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि ऊंची लहरों और तटीय कटाव का खतरा बना हुआ है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और आपात स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है। लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं।