नई दिल्ली- मानसून के उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में पहुंचते ही जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई इलाकों में सड़कें बंद हो गई हैं, हेलीकॉप्टर सेवाएं प्रभावित हुई हैं और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। वहीं पूर्वोत्तर, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी बारिश और बाढ़ से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बादल फटने से भारी नुकसान
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में दो स्थानों पर बादल फटने से फसलों, बाग-बगीचों और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई संपर्क मार्ग मलबे से बंद हो गए, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और चंबा जिलों में तीन स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आईं। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई इलाकों में यातायात बाधित हो गया है।
उत्तराखंड में केदारनाथ हेली सेवा प्रभावित
उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से संचालित चार उड़ानों को भी खराब मौसम के कारण अन्य शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। राज्य के कई पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन के कारण आवाजाही प्रभावित है।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत को मिली राहत
जहां पहाड़ों पर बारिश आफत बनकर बरस रही है, वहीं दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई है। राजधानी में तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
असम में बाढ़, हजारों लोग प्रभावित
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के छह जिलों में 46,938 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। करीब 3,809 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो चुकी है। धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ, नलबाड़ी, डिब्रूगढ़ और चिरांग जिले सबसे अधिक प्रभावित हैं, जहां 221 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
महाराष्ट्र-कर्नाटक में भी बारिश का कहर
महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी लगातार बारिश जारी है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में दो दिनों से झमाझम बारिश हो रही है, जबकि पालघर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कर्नाटक के मंगलूरू में भूस्खलन की चपेट में आने से एक महिला और उसकी दो बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई।