मुंबई- मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। शहर में जलभराव, तेज हवाओं और हाई टाइड की आशंका के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
मनोरी तट के पास समुद्र में फंसा जहाज
सोमवार सुबह उत्तरी मुंबई के मनोरी बीच से करीब एक किलोमीटर दूर एक जहाज समुद्र में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने भारतीय तटरक्षक बल (ICG), नौसेना और अन्य समुद्री एजेंसियों को अलर्ट कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक जहाज ने सुरक्षित रूप से लंगर डाल रखा है और अब तक किसी तरह की जनहानि या तकनीकी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है। हालांकि समुद्र में तेज हवाओं और पथरीले तट के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
5 उड़ानें डायवर्ट, 17 फ्लाइट रद्द
भारी बारिश और खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। दोपहर 3:30 बजे तक मुंबई आने वाली 5 उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया। वहीं छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 11:30 बजे तक 17 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 217 उड़ानें निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं।
IMD का रेड अलर्ट, 21 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश की चेतावनी
आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ. शशि कांत ने बताया कि गुजरात, सौराष्ट्र, महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र, कर्नाटक के तटीय इलाकों और केरल में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। वहीं महाबलेश्वर के कुछ इलाकों में 40 से 50 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने की आपात बैठक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय स्थित डिजास्टर कंट्रोल रूम में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि दोपहर बाद हाई टाइड और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
बारिश से अब तक 13 लोगों की मौत
मंत्री गिरीश महाजन के अनुसार मुंबई, पालघर और रायगढ़ में पिछले तीन-चार दिनों के दौरान हुई भारी बारिश से जुड़े हादसों में 13 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है तथा लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।