मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बुधवार 1 जुलाई से शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी जारी रही, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे और पालघर के कुछ हिस्सों के लिए अगले तीन घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करें।
महापौर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने कहा कि अगले तीन घंटे बेहद अहम हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 196 जारी किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की।
अंधेरी के मरोल में कारों पर गिरा पेड़
भारी बारिश के बीच अंधेरी के मरोल इलाके में एक बड़ा पेड़ सड़क किनारे खड़ी कई कारों पर गिर गया। इस हादसे में दो से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस घटना को लेकर शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने विधानसभा में सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया।
जोगेश्वरी में टेम्पो पर गिरा विशाल पेड़
जोगेश्वरी पश्चिम के ए.सी. रोड पर भी भारी बारिश के दौरान एक विशाल पेड़ सड़क किनारे खड़े टेम्पो पर गिर गया। हादसे में टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पास का बिजली मीटर बॉक्स भी टूट गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने का काम शुरू किया।
घाटकोपर सहित कई इलाकों में जलभराव
लगातार बारिश के कारण घाटकोपर के एलबीएस रोड समेत शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से विक्रोली से घाटकोपर की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
ट्रैफिक की रफ्तार हुई धीमी
बारिश का असर शहर के ट्रैफिक पर भी साफ दिखाई दिया। बोरीवली से मुंबई की ओर आने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही। हालांकि, मुंबई से बोरीवली की ओर जाने वाला यातायात अपेक्षाकृत सामान्य बताया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।