मुंबई में नए मेयर के चुनाव को लेकर स्थिति साफ होती जा रही है। 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे मुंबई महानगरपालिका में महापौर पद के लिए मतदान होगा। इस बार यह पद सामान्य वर्ग की महिला पार्षद के लिए आरक्षित किया गया है, जिससे तय है कि मुंबई को एक महिला मेयर मिलेगी। मेयर पद के लिए नामांकन 7 फरवरी को दाखिल किए जाएंगे। इसी दिन उप-महापौर के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। पूरे चुनाव की निगरानी बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी करेंगे।
समिति सदस्यों के नामों की भी हो सकती है घोषणा
अधिकारियों के अनुसार, अगली बैठक में महानगरपालिका की विभिन्न समितियों के सदस्यों के नामों का भी ऐलान किया जा सकता है।
बीएमसी चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी
मुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान हुआ था और 16 जनवरी को मतगणना पूरी हुई। नतीजों में भाजपा 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना को 29 सीटें मिलीं।
उद्धव गुट को 65, मनसे को 6 सीटें
वहीं शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट ने 65 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को केवल 6 सीटों से संतोष करना पड़ा।
बहुमत भाजपा-शिवसेना के पास
मेयर चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 114 सीटों का है, जिसे भाजपा और शिवसेना ने मिलकर पार कर लिया है। ऐसे में दोनों दल मिलकर अपना उम्मीदवार मेयर बना सकते हैं। हालांकि अभी यह तय नहीं हो पाया है कि मेयर पद भाजपा के खाते में जाएगा या शिवसेना शिंदे गुट के पास।
11 फरवरी पर टिकी शहर की नजरें
अब शहरवासियों की नजरें 11 फरवरी पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि मुंबई की बागडोर किस महिला पार्षद के हाथों में जाएगी और शहर को नया मेयर कौन मिलेगा।
Comments (0)