महाशिवरात्रि महापर्व 2026 (15 फरवरी) को भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। अनुमान है कि इस दौरान करीब 10 लाख श्रद्धालु महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचेंगे।निर्धारित व्यवस्था के तहत सामान्य श्रद्धालुओं को लगभग डेढ़ किलोमीटर, जबकि 250 रुपये की शीघ्र दर्शन रसीद या पासधारी श्रद्धालुओं को करीब एक किलोमीटर पैदल चलने के बाद भगवान महाकाल के दर्शन प्राप्त होंगे।
श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुलभ दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भस्म आरती, लड्डू प्रसाद, पूछताछ केंद्र, पार्किंग, जूता स्टैंड, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर परिसर में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं मंदिर प्रशासक रौशन सिंह, प्रथम कौशिक, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी ,निगम आयुक्त सहित मंदिर समिति के अधिकारी मौजूद रहे।
सामान्य श्रद्धालुओं की प्रवेश-निर्गम व्यवस्था
सामान्य श्रद्धालु भील समाज धर्मशाला के समीप बने द्वार से मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगे।
प्रवेश मार्ग इस प्रकार रहेगा—
भील समाज धर्मशाला → चारधाम मंदिर पार्किंग → शक्ति पथ → त्रिवेणी संग्रहालय के समीप → नंदी द्वार → श्री महाकाल महालोक → मानसरोवर भवन → फेसेलिटी सेंटर-01 → टनल → नवीन टनल-01 → गणेश मंडपम।
दर्शन उपरांत श्रद्धालु आपातकालीन निर्गम द्वार से बाहर निकलकर बड़ा गणेश मंदिर और हरसिद्धि मंदिर चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
शीघ्र दर्शन व पासधारी श्रद्धालुओं की व्यवस्था
250 रुपये के शीघ्र दर्शन टिकटधारी श्रद्धालुओं के लिए अलग से बैरिकेटिंग की गई है।
ये श्रद्धालु भील समाज धर्मशाला → चारधाम मंदिर पार्किंग → अशोक सेतु → मानसरोवर भवन → फेसेलिटी सेंटर-01 → टनल → नवीन टनल-01 होते हुए गणेश मंडपम से दर्शन करेंगे।
इसके अलावा शीघ्र दर्शन टिकटधारी श्रद्धालु हरसिद्धि पाल पार्किंग, बड़ा गणेश गली, प्रीपेड बूथ तिराहा, शहनाई जिगजैग, द्वार क्रमांक-01 से भी मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे।
भस्म आरती दर्शन व्यवस्था
महाशिवरात्रि पर्व पर भस्म आरती के लिए पंजीयनधारी श्रद्धालुओं का प्रवेश मानसरोवर भवन और द्वार क्रमांक-01 से निर्धारित किया गया है।
पार्किंग और अन्य सुविधाएं
पार्किंग व्यवस्था
सामान्य श्रद्धालुओं के लिए: कर्कराज पार्किंग, मेघदूत पार्किंग
शीघ्र दर्शन टिकटधारी श्रद्धालुओं के लिए: कार्तिक मेला ग्राउंड, राणौजी की छत्री, शगुन गार्डन, महाकाल मंडपम्
जूता स्टैंड
भील समाज धर्मशाला
झालरिया मठ
हरसिद्धि पाल
शीघ्र दर्शन काउंटर
कर्कराज पार्किंग
हरसिद्धि पाल पार्किंग
लड्डू प्रसाद काउंटर
नृसिंहघाट रोड
हरसिद्धि रोड
प्रशासन की अपील
मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें और धैर्य बनाए रखें, ताकि सभी भक्त शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से भगवान महाकाल के दर्शन कर सकें।
Comments (0)