मुंबई: मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मंगलवार सुबह भी शहर में तेज बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार तक मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी रखते हुए कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
स्कूल-कॉलेज बंद, सड़कों पर जलभराव
भारी बारिश को देखते हुए एहतियातन मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूलों एवं कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई। लगातार बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ने, दीवारें और होर्डिंग गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।
वसई-विरार में जलभराव, विहार झील हुई ओवरफ्लो
पालघर जिले के वसई-विरार क्षेत्र में सोमवार से भारी जलभराव की स्थिति बनी रही। हालांकि शाम के बाद बारिश की रफ्तार कम होने से हालात में कुछ सुधार हुआ। इस बीच मुंबई को पेयजल उपलब्ध कराने वाली विहार झील मंगलवार रात ओवरफ्लो हो गई। लगातार बारिश के कारण झील का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिसके बाद अतिरिक्त पानी मीठी नदी में छोड़ा गया।
रेल सेवाएं प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द
भारी बारिश का असर रेलवे संचालन पर भी पड़ा। पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनें 20 से 25 मिनट की देरी से चलीं, जबकि मध्य रेलवे की सेवाएं भी 10 से 15 मिनट विलंबित रहीं। हालांकि मुंबई मेट्रो और BEST बस सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।
पश्चिम रेलवे ने कई लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द या आंशिक रूप से निरस्त किया है। इनमें सयाजी नगरी एक्सप्रेस, कर्णावती एक्सप्रेस, एसी डबल डेकर एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस और वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। वहीं, भुज-दादर सयाजी नगरी एक्सप्रेस को गांधीधाम स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया गया।
रेलवे और प्रशासन की अपील
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले एनटीईएस (NTES) या रेल मदद (139) के माध्यम से ट्रेन की ताजा स्थिति जांचने की सलाह दी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
पुणे में भी अलर्ट
पुणे की मेयर मंजूषा नागपुरे ने बताया कि बांध के कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश हो रही है। उन्होंने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।