नई दिल्ली: भारतीय रेलवे में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहित जोड़े ने अपनी ट्रेन यात्रा को यादगार बनाने के लिए नंदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कूपे को हनीमून सुइट की तरह सजा दिया। 6 जुलाई 2026 को महाराष्ट्र के जालना स्टेशन से शुरू हुई इस यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। मामले में ड्यूटी पर तैनात टीटीई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि सजावट कराने वाली एजेंसी के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है.
गुब्बारों और फूलों से सजा फर्स्ट एसी कूपा
वायरल वीडियो में फर्स्ट एसी केबिन को लाल-सफेद गुब्बारों, मोगरे की लड़ियों और ताजे फूलों से सजाया गया दिखाई देता है। बर्थ और फर्श पर गुलाब की पंखुड़ियां बिछाई गई थीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि केबिन के भीतर जलती हुई मोमबत्तियां और दीये भी रखे गए थे, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए.
रेलवे सुरक्षा नियमों का उल्लंघन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन के भीतर किसी भी प्रकार की ज्वलनशील वस्तु ले जाना और उसे जलाना गंभीर सुरक्षा उल्लंघन है। चलती ट्रेन में मोमबत्तियां या दीये आग जैसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा, रेलवे की सार्वजनिक संपत्ति में बिना अनुमति इस तरह का बदलाव भी नियमों के खिलाफ माना गया है.
टीटीई निलंबित, एजेंसी पर भी कार्रवाई
मामले का संज्ञान लेते हुए मध्य रेलवे प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू की। शुरुआती कार्रवाई के तहत ऑन-ड्यूटी टीटीई को निलंबित कर दिया गया। साथ ही, फर्स्ट एसी कूपे की सजावट करने वाली एजेंसी के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया गया है। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की किसी भी अनधिकृत सजावट या ज्वलनशील सामग्री की अनुमति नहीं दी जाएगी.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम और एक्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ लोगों ने इसे नवविवाहित जोड़े की रचनात्मक सोच बताते हुए सराहा, लेकिन बड़ी संख्या में यूजर्स ने रेलवे सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि एसी कोच में मोमबत्तियां जलाना पूरे डिब्बे के यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता था.