नासिक। महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान 300 मिमी तक बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने त्र्यंबकेश्वर और नासिक के बीच कुछ इलाकों में बादल फटने की आशंका भी व्यक्त की है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने देर रात किया हालात का जायजा
लगातार बारिश के बीच महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री ने देर रात त्र्यंबकेश्वर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा घोटी-इगतपुरी क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। रात करीब 12 बजे मंत्री ने त्र्यंबकेश्वर तालुका के मेटघर गांव का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
स्कूल-कॉलेज बंद, मंदिरों में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक
एहतियात के तौर पर नासिक जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। साथ ही त्र्यंबकेश्वर मंदिर और महाराष्ट्र के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल सप्तश्रृंगी मंदिर को भी श्रद्धालुओं के लिए एक दिन के लिए बंद रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
मेटघर फोर्ट क्षेत्र में तेज हवा और लगातार बारिश के चलते संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने 27 परिवारों के 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी, डिंडोरी और पेठ तालुकों में पुलिस, प्रशासन और एसआरपीएफ की टीमें लगातार निगरानी और राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।
पालघर और वसई-विरार में भी भारी बारिश का असर
नासिक के साथ-साथ पालघर और वसई-विरार क्षेत्रों में भी भारी बारिश दर्ज की गई है। इन इलाकों में 350 से 400 मिमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। पालघर जिले में एक बांध की पिचिंग खिसकने के बाद एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्रों से करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।