बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गलियारों में मंथन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं, तो बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, जबकि जदयू से दो उपमुख्यमंत्री बनाने का फॉर्मूला भी चर्चा में है।
अमित शाह कर सकते हैं अहम बैठक
सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जल्द ही नीतीश कुमार और एनडीए के अन्य नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। इस बैठक में बिहार में संभावित नई सरकार के गठन और उसके फॉर्मूले पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में कयास तेज हो गए हैं।
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि
बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है। इसी दिन कई बड़े नेता अपना नामांकन दाखिल करेंगे। जदयू की ओर से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर सुबह करीब 11 बजे विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल कर सकते हैं। हालांकि पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की सूची अभी औपचारिक रूप से जारी नहीं की गई है।
भाजपा और एनडीए के अन्य उम्मीदवार भी मैदान में
भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश राम राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा भी एनडीए उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरेंगे।
विधानसभा में मीडिया की एंट्री पर रोक
राज्यसभा नामांकन के दौरान बिहार विधानसभा परिसर में मीडिया की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मीडिया प्रतिनिधियों को केवल गेट नंबर 10 के बाहर से कवरेज करने की अनुमति होगी। विधानसभा परिसर के अंदर किसी भी गेट से प्रवेश की अनुमति नहीं है।
Comments (0)