नई दिल्ली - प्रधानमंत्री मोदी ने आज जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (GPRA) रीडेवलपमेंट प्लान के तहत 15,200 करोड़ रुपए की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम ने कहा कि कुछ समय पहले ही दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया था। मेट्रो के विस्तार से लेकर हजारों सरकारी कर्मचारियों के आवासों तक, देश की राजधानी में सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है।
दिल्ली भारत की पहचान और ऊर्जा का प्रतीक है
उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि, दिल्ली केवल भारत की राजधानी नहीं है, यह भारत की पहचान और ऊर्जा का प्रतीक भी है। दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं, बल्कि पूरे देश की छवि से जुड़ा हुआ है। वहीं आगे अपने संबोधन में पीएम मोदी ने AAP सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले दशक में दिल्ली में विकास ठप रहा था।
AAP-दा सरकार ने विकास के कामों को ठप रखा था
आम आदमी पार्टी पर प्रहार करते हुए पीएम ने कहा कि, करीब 10 वर्षों तक AAP-दा सरकार ने विकास के कामों को ठप रखा था। अब हमारी सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। पेरिफेरल एक्सप्रेसवे बनने से लाखों गाड़ियों को शहर में आने की जरूरत नहीं पड़ती, और यमुना जी की सफाई के लिए बड़े पैमाने पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि, AAP-दा वालों का तरीका था काम कम और बहाने ज्यादा। आज दिल्ली में विकास का मॉडल है – बहाने बंद, काम शुरू। पहले प्रोजेक्ट फाइलों में दम तोड़ते थे, अब प्रोजेक्ट जमीन पर उतरते हैं।
TMC पर पीएम मोदी ने साधा निशाना...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू के एक आदिवासी कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि, TMC ने उस कार्यक्रम का बहिष्कार किया, जो न केवल राष्ट्रपति का अपमान है बल्कि भारत के संविधान और लोकतंत्र की भावना का भी अपमान है। उन्होंने GPRA रीडेवलपमेंट योजना के तहत मेट्रो विस्तार, सरकारी आवास और शहरी बुनियादी ढांचे के विकास के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि दिल्ली में सुविधाओं का यह विस्तार राजधानी की छवि को और मजबूत करेगा।
आज भारत महिला सशक्तिकरण की नई गाथा लिख रहा है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि,आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। आज भारत महिला सशक्तिकरण की नई गाथा लिख रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सफल नेतृत्व में राजधानी का विकास हो रहा है। राजनीति, प्रशासन, विज्ञान, खेल या समाज सेवा का क्षेत्र भारत की नारी शक्ति हर क्षेत्र मे एक नई ऊर्जा से आगे बढ़ रही है। मैं देश की नारी शक्ति को आज महिला दिवस पर बहुत बधाई देता हूं और राष्ट्र के विकास में उनके असीमित योगदान के लिए ऋण स्वीकार करता हूं।
Comments (0)