प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'बिन्तांग अदिपुर्ना ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' से सम्मानित किया गया। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने जकार्ता में आयोजित समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया के 25 से अधिक देशों द्वारा सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किए जाने की सूची में एक और उपलब्धि जुड़ गई।
इंडोनेशिया के सर्वोच्च सम्मान से नवाजे गए पीएम मोदी
राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान प्रदान किया। इससे पहले हाल ही में सेशेल्स ने भी प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान 'गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन' से सम्मानित किया था।
द्विपक्षीय वार्ता में कई अहम मुद्दों पर बनी सहमति
सम्मान समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। दोनों नेताओं ने ऊर्जा, व्यापार, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में वर्ष 2018 में स्थापित भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई और भविष्य के सहयोग का रोडमैप तय किया गया।
कई समझौतों और एमओयू पर हुए हस्ताक्षर
जकार्ता स्थित राष्ट्रपति भवन इस्ताना मर्डेका में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण एमओयू और द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
स्कूली बच्चों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
इंडोनेशिया दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भारत और इंडोनेशिया के राष्ट्रीय ध्वज लेकर पहुंचे। प्रधानमंत्री ने बच्चों का अभिवादन स्वीकार किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी का गले लगाकर स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने इंडोनेशिया के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकात की तथा राष्ट्रपति भवन की विजिटर बुक पर हस्ताक्षर भी किए।
भारत-इंडोनेशिया संबंधों को मिली नई मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत और इंडोनेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों देशों ने रक्षा, व्यापार, समुद्री सहयोग और डिजिटल विकास जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।