आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए देशवासियों के लिए प्रेरणादायक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया की इस जीत ने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, संयम और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास ही सफलता का असली मंत्र होता है।
सोशल मीडिया पर दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर टीम इंडिया ने यह दिखा दिया है कि मजबूत इरादे, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ जीवन में किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सही दिशा में किया गया कड़ा परिश्रम हर सपने को साकार कर सकता है।
‘संस्कृति सुभाषितम्’ भी किया साझा
टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने ‘संस्कृति सुभाषितम्’ भी साझा किया। इसमें लिखा है—
“अभीप्सां स्वात्मनो रक्षाऽविरतं सुस्थिरं तया।
यत्नमातिष्ठ धैर्येण ततः सिद्धिर्भवेद् ध्रुवम्।”
इसका अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति जीवन में आगे बढ़ना चाहता है, उसे लगातार और दृढ़ निश्चय के साथ प्रयास करते रहना चाहिए। धैर्य और निरंतर मेहनत ही अंततः सफलता की राह खोलती है।
हर भारतीय के लिए गर्व का पल
प्रधानमंत्री मोदी ने देर रात एक और पोस्ट कर टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “चैंपियंस! आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को बहुत-बहुत बधाई। यह जीत खिलाड़ियों के कौशल, दृढ़ संकल्प और शानदार टीमवर्क का परिणाम है। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने जबरदस्त धैर्य और प्रदर्शन दिखाया। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शानदार काम, टीम इंडिया।”
फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया
गौरतलब है कि भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 256 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीती और घरेलू मैदान पर यह खिताब जीतने वाला पहला देश भी बन गया।
Comments (0)