नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पंजाब कांग्रेस में जारी कथित अंदरूनी कलह को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस का आंतरिक विवाद अब हर दिन नए रूप में सामने आ रहा है।
'पंजाब कांग्रेस में बढ़ रही गुटबाजी'
शहजाद पूनावाला ने कहा कि हाल ही में साझा की गई एक तस्वीर में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता नजर आए, लेकिन पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग उसमें मौजूद नहीं थे। इसे लेकर उन्होंने दावा किया कि पार्टी के भीतर मतभेद लगातार बढ़ रहे हैं।
'हर नेता का कांग्रेस से टकराव'
बीजेपी नेता ने कहा कि पहले नवजोत सिंह सिद्धू, फिर मनीष तिवारी, चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा जैसे नेताओं के साथ विवाद सामने आए। अब, उनके अनुसार, पार्टी के भीतर राजा वड़िंग को लेकर भी असंतोष दिखाई दे रहा है।
राहुल गांधी के नेतृत्व पर उठाए सवाल
शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न स्पष्ट नेतृत्व है, न नीति और न ही कोई दिशा। उन्होंने आरोप लगाया कि कमजोर नेतृत्व के कारण पार्टी विभिन्न राज्यों में गुटों में बंटी हुई नजर आ रही है।