लखनऊ - समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में राहुल गांधी ने PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) का उल्लेख करते हुए सामाजिक न्याय के एजेंडे पर साथ मिलकर आगे बढ़ने की बात कही। उनके इस संदेश को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।
राहुल गांधी ने PDA का किया जिक्र
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "अखिलेश जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। PDA की हिस्सेदारी से सामाजिक न्याय का संकल्प हम मिलकर पूरा करेंगे। अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं।" राहुल गांधी के इस संदेश ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। माना जा रहा है कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच भविष्य के राजनीतिक सहयोग को लेकर यह एक अहम संकेत है।
क्या है PDA का राजनीतिक फॉर्मूला?
PDA का अर्थ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव लंबे समय से इस सामाजिक समीकरण को अपनी राजनीति का आधार बताते रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी सपा ने PDA रणनीति को प्रमुखता दी थी, जिसके बाद पार्टी को उत्तर प्रदेश में उल्लेखनीय सफलता मिली थी।
2027 विधानसभा चुनाव पर बढ़ी सियासी चर्चा
राहुल गांधी के संदेश के बाद 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन की चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। हालांकि सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हाल ही में दावा किया था कि कांग्रेस राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने 50-50 सीट शेयरिंग फॉर्मूले की वकालत करते हुए कहा कि बराबर की हिस्सेदारी से दोनों दलों का सम्मान भी बराबर रहेगा।
योगी, मायावती और खरगे ने भी दी शुभकामनाएं
अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संदेश में अखिलेश यादव के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए सामाजिक न्याय, समावेशी विकास, लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करने की दिशा में साथ मिलकर काम करने की बात कही।