आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए बीजेपी ने महाराष्ट्र से अपने चार उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और भाजपा महासचिव विनोद तावड़े को मैदान में उतारा है। इसके अलावा रामराव वाडकुटे और माया चितामन इवनाते को भी उम्मीदवार बनाया गया है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख रामदास अठावले एक बार फिर उच्च सदन में पहुंच सकते हैं, जबकि विनोद तावड़े पहली बार राज्यसभा के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक यह निर्णय नई दिल्ली में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लिया गया।
पहले जारी हो चुकी है 9 नामों की सूची
भाजपा इससे पहले छह राज्यों से नौ उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है। बिहार से पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार को टिकट दिया गया है। असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन, छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार तथा पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है।
टीएमसी ने भी उतारे चार प्रत्याशी
भाजपा के साथ-साथ All India Trinamool Congress ने भी चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने Babul Supriyo, राजीव कुमार, मेनका गुरुस्वामी और कोएल मलिक को राज्यसभा के लिए नामित किया है। बाबुल सुप्रियो पहले केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री हैं।
16 मार्च को होगा मतदान
निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को कराया जाएगा। मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी और पूरी प्रक्रिया 20 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी। इन चुनावों के जरिए 10 राज्यों की 37 सीटों पर नए सदस्यों का चयन किया जाएगा। महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना की सीटें अप्रैल 2026 में खाली हो रही हैं। चुनाव प्रक्रिया 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो चुकी है। नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च है, 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 मार्च तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे।
Comments (0)