नई दिल्ली - भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पंजाब कांग्रेस में जारी कथित अंदरूनी कलह को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।भाजपा नेता ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया है कि, पंजाब कांग्रेस में रोज नए तरह का विवाद सामने आ रहा है और पार्टी नेतृत्व पूरी तरह कमजोर हो चुका है।
राजा वारिंग को हटाने की कोशिश हो रही
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि हाल ही में साझा की गई एक तस्वीर में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वारिंग दिखाई नहीं दिए। उन्होंने दावा किया कि पहले 'तिवारी बनाम पंजाब कांग्रेस', फिर 'चन्नी बनाम पंजाब कांग्रेस', उसके बाद 'रंधावा बनाम पंजाब कांग्रेस' का विवाद देखने को मिला और अब सभी नेता मिलकर राजा वारिंग को हटाने की कोशिश कर रहे हैं।
राहुल गांधी के नेतृत्व पर साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न कोई स्पष्ट नेतृत्व है, न नीति और न ही कोई मिशन। उनके मुताबिक पार्टी केवल भ्रम और आपसी खींचतान का शिकार है। उन्होंने कहा कि, राहुल गांधी का नेतृत्व इतना कमजोर है कि हर जगह कांग्रेस बिखर रही है। कांग्रेस पार्टी आज हर राज्य में टुकड़े-टुकड़े मोड में नजर आ रही है क्योंकि राहुल गांधी एक अपरिपक्व और अक्षम नेता हैं।
कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं
भाजपा के इन आरोपों पर फिलहाल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक मुद्दों और नेताओं के बीच मतभेदों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी लगातार जारी है।