सुनेत्रा पवार ने सोमवार शाम करीब पांच बजे मुंबई स्थित लोक भवन में डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। उन्हें राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में महायुति सरकार के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अजित पवार के निधन के बाद खाली हुआ था पद
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का 28 जनवरी को एक विमान हादसे में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद डिप्टी सीएम का पद रिक्त हो गया था। इसके बाद एनसीपी ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे गठबंधन ने स्वीकार किया।
पहली महिला डिप्टी सीएम बनने पर सियासी चर्चा तेज
सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के साथ पर्याप्त बहुमत होने के बावजूद बीजेपी ने एनसीपी को यह पद क्यों सौंपा। इसे गठबंधन संतुलन और भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा -
“सुनेत्रा पवार जी को महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री के तौर पर अपना कार्यकाल शुरू करने पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वह इस जिम्मेदारी को संभालने वाली पहली महिला हैं। मुझे विश्वास है कि वह राज्य के लोगों की भलाई के लिए अथक प्रयास करेंगी और दिवंगत अजीतदादा पवार के विज़न को पूरा करेंगी।”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीं शुभकामनाएं
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी सुनेत्रा पवार को बधाई देते हुए कहा—
“महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर माननीय श्रीमती सुनेत्रा अजित पवार जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस जी के कुशल नेतृत्व में,प्रथम उप मुख्यमंत्री के रुप में निश्चित ही आप राज्य की विकास यात्रा को नई दिशा व गति प्रदान करेंगी।”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सुनेत्रा पवार को बधाई दी। उन्होंने लिखा—
“सुनेत्रा अजित पवार जी को महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई। विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी के नेतृत्व में आप महाराष्ट्र की विकास यात्रा को नई गति देंगी।”
महाराष्ट्र की राजनीति में नया अध्याय
सुनेत्रा पवार का डिप्टी सीएम बनना न सिर्फ महिला नेतृत्व के लिए अहम है, बल्कि महाराष्ट्र की सियासत में भी इसे एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में उनकी भूमिका और फैसलों पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी
Comments (0)