टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को करारी हार दी और लगातार तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने 255 रन बनाए, जबकि न्यूजीलैंड 159 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। इस ऐतिहासिक जीत पर कई दिग्गजों ने टीम इंडिया को बधाई दी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम हस्तियों ने सोशल मीडिया पर टीम इंडिया की तारीफ की।
राहुल गांधी का संदेश
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर टीम इंडिया को बधाई दी और लिखा, “एक बार फिर चैंपियन! संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया को अपने ही मैदान पर ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को अविस्मरणीय पल देने के लिए हार्दिक बधाई।”
गृह मंत्री और अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया
गृह मंत्री अमित शाह फाइनल मुकाबला देखने स्टेडियम पहुंचे और उन्होंने टीम इंडिया की जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के असाधारण प्रदर्शन और दृढ़ संकल्प ने देश को गर्व महसूस कराया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी भारतीय क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं दीं।
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी
टीम इंडिया की तीसरी टी-20 वर्ल्ड कप जीत पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह जीत पूरी तरह रणनीति, मेहनत और जुनून की मिसाल है। उन्होंने ‘पनौती’ जैसी अवधारणाओं को खारिज करते हुए कहा कि सही तैयारी और अटूट जोश के साथ हर बाधा को पार किया जा सकता है। शास्त्री ने इसे पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताया।
Comments (0)