बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर समेत नक्सल प्रभावित इलाकों में माओवादी संगठन के लगातार कमजोर पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में बड़ी संख्या में माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कुल 130 माओवादी कैडरों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पण करने वालों में संगठन के कई अहम सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में सरेंडर कर चुके माओवादी संगठन के चीफ देवजी की PLGA कमांडर टीम के सदस्य भी इस आत्मसमर्पण में शामिल हैं। इसे माओवादी संगठन के लिए इस साल का सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक आत्मसमर्पण करने वाले इन माओवादियों पर कुल 4 करोड़ 18 लाख 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वालों में बड़ी संख्या में बस्तर मूल के माओवादी भी शामिल हैं, जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय थे।
विभिन्न इकाइयों से जुड़े माओवादी कैडरों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता:
- PLGA बटालियन से सक्रिय: 42
- तेलंगाना स्टेट कमेटी से जुड़े: 30
- दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी: 32
- 2nd CRC के सदस्य: 16
- केंद्रीय समिति सदस्य देवजी की टीम से जुड़े: 10
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हाल के महीनों में लगातार अभियान और आत्मसमर्पण नीति के चलते माओवादी संगठन को बड़ा नुकसान हो रहा है। बस्तर और आसपास के नक्सल प्रभावित इलाकों में भी संगठन का जनाधार कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।
Comments (0)