मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इस सप्ताह हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम बदल सकता है। अनुमान है कि 11 और 12 मार्च को हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। 10 मार्च को भी आसमान में बादल रह सकते हैं और अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने की उम्मीद है।
राजस्थान में बढ़ी गर्मी
राजस्थान में रविवार को तेज गर्मी का असर देखने को मिला। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और बढ़ सकती है।
कश्मीर घाटी में बारिश-बर्फबारी के आसार
कश्मीर घाटी में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतर स्थानों पर बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यह स्थिति देखने को मिल सकती है। 10 से 12 मार्च के बीच कई ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जबकि कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गांदरबल और अनंतनाग के ऊंचे क्षेत्रों में मध्यम बर्फबारी हो सकती है।
यूपी में बढ़ेगा तापमान
उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य से अधिक गर्म रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक इस सप्ताह राज्य में किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के आने की संभावना नहीं है, जिससे शुष्क मौसम बना रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
झारखंड में बारिश की संभावना
झारखंड में 9 मार्च से मौसम का मिजाज बदल सकता है। 11 मार्च तक कई जिलों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। मौसम पूर्वानुमान केंद्र रांची के अनुसार इस दौरान कई स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है, जिसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 9 से 11 मार्च के बीच देवघर, दुमका, गिरिडीह और गोड्डा समेत उत्तर-पूर्वी जिलों तथा रांची, बोकारो और हजारीबाग जैसे मध्य क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
Comments (0)