नई दिल्ली: दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप जल्द ही अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी फीचर लेकर आने वाला है। इस नए अपडेट के बाद चैटिंग के दौरान यूजर्स का मोबाइल नंबर नहीं, बल्कि उनका चुना हुआ यूजरनेम दिखाई देगा। इससे निजी फोन नंबर साझा किए बिना भी लोगों से जुड़ना आसान होगा।
मोबाइल नंबर की जगह दिखेगा यूजरनेम
फिलहाल व्हाट्सऐप पर किसी यूजर से चैट करने के दौरान उसका मोबाइल नंबर दिखाई देता है। लेकिन नए फीचर के लागू होने के बाद यूजर्स अपनी पसंद का एक यूनिक यूजरनेम चुन सकेंगे और उसी के जरिए उनकी पहचान होगी। इससे खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जो अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखना चाहते हैं।
प्राइवेसी होगी पहले से ज्यादा मजबूत
व्हाट्सऐप का यह नया फीचर यूजर्स की गोपनीयता को और मजबूत करेगा। अब किसी नए व्यक्ति से बातचीत करने या किसी ग्रुप में शामिल होने पर मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने की जरूरत नहीं होगी। इससे ऑनलाइन सुरक्षा और प्राइवेसी दोनों में सुधार होने की उम्मीद है।
चरणबद्ध तरीके से मिलेगा नया फीचर
जानकारी के मुताबिक, व्हाट्सऐप आने वाले कुछ महीनों में इस फीचर को दुनिया भर के यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से जारी करेगा। सभी यूजर्स को यह अपडेट एक साथ नहीं मिलेगा, बल्कि धीरे-धीरे रोलआउट किया जाएगा।
जल्द चुन लें अपना पसंदीदा यूजरनेम
दुनियाभर में व्हाट्सऐप के 300 करोड़ से अधिक सक्रिय उपयोगकर्ता हैं। ऐसे में कंपनी ने यूजर्स को जल्द से जल्द अपना पसंदीदा यूजरनेम सुरक्षित करने की सलाह दी है। व्हाट्सऐप के ग्लोबल सीईओ कुणाल शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस अपडेट की जानकारी देते हुए लिखा, "टाइमिंग ही सब कुछ है।"