


बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसे लेकर सत्ता दल और विपक्ष लगातार अपनी तैयारी करने में लगा है। कांग्रेस, बीजेपी, JDU, RJD के अलावा चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी जन स्वराज पार्टी भी इस बार बिहार के चुनावी दंगल में दाव लगाती हुई नजर आएगी। इसी के चलते तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच जुबानी जंग भी देखने को मिलने लगी हैं। इसी क्रम में तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि, आने वाले समय में बिहार का चुनाव होने जा रहा है, 20 साल से जो मौजूदा सरकार है, लोग उससे परेशान हैं, लोग बदलाव चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, हम जनता के बीच में जाते हैं, वो मौजूदा सरकार से बेहद परेशान हैं और उससे छुटकारा चाहते हैं।
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में हैं। हम नई सोच वाले हैं। नया बिहार बनाना है और तेजी से बिहार को आगे ले जाना है। हम सकारात्मक राजनीति करना चाहते हैं, मुद्दों की राजनीति करना चाहते हैं। आरजेडी नेता ने आगे अपना निशाना तेज करते हुए कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार बिहार की जनता बिहार की इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी। हमारे पास विजन, रोडमैप है। लोग आरजेडी के साथ जुड़ना चाहते हैं।