


मध्य प्रदेश में आज से कांग्रेस पार्टी ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान की शुरुआत कर रही है। इस अभियान का मकसद कथित मतदाता सूची में हेरफेर और चुनावी अनियमितताओं के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना है। आज जबलपुर में कांग्रेस की एक बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह रैली शहीद स्मारक से कलेक्टर कार्यालय तक निकाली जाएगी, जहां कांग्रेस नेताओं द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस रैली में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
वहीं, दतिया और भिंड जिलों में भी इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ता एक रैली निकालेंगे, जबकि भिंड में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत एक जनसभा को संबोधित किया जाएगा। इसके अलावा, 31 अगस्त को रतलाम में इस अभियान के तहत एक बड़ी रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के कई प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे। इस अभियान के जरिए कांग्रेस का दावा है कि वे लोकतंत्र की रक्षा और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए जनता के बीच जाएंगे।