


देश के कई हिस्सों में मानसून विदा हो चुका है, लेकिन दक्षिण और पूर्वी राज्यों में अभी भी इसका असर बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज केरल, तमिलनाडु, ओडिशा और महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर भारत के राज्यों—दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम शुष्क बना रहेगा। तापमान में गिरावट के साथ ही इन क्षेत्रों में ठंड ने दस्तक दे दी है।
दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय हल्की धूप निकलने के बावजूद सुबह और रात के वक्त ठंडक महसूस की जा रही है। रात में तापमान तेजी से गिरता है और ठंडी हवाएं मौसम को और सर्द बना रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी।
यूपी और बिहार में सर्दी की शुरुआत
उत्तर प्रदेश और बिहार में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा, हालांकि अगले सप्ताह से ठंड और तेज़ हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में भी फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
पहाड़ी राज्यों में ठिठुरन तेज
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई बर्फबारी के कारण ठिठुरन में इज़ाफा हुआ है। देहरादून में आज मौसम साफ और शुष्क रहेगा, जबकि हिमाचल प्रदेश में 19 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में तापमान में लगातार गिरावट जारी है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ गया है।