Jaipur: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर (Madan Dilawar) ने कहा- गहलोत सरकार के कारिंदों ने भर्ती परीक्षाओं के पेपर बेचकर युवाओं के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने लाखों, करोड़ों रुपए कमाए। भाजपा सरकार ने आते ही कार्रवाई की। पेपर लीक करने वाले जेल जा रहे हैं। पांच सौ और जेल जाएंगे। अब पूर्व सीएम अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी बचने की जुगत लगा रहे हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता ये बचेंगे। गहलोत, डोटासरा भी जेल जाएंगे।
नामांकन रैली को संबोधित करते हुए कही ये बात
दिलावर मंगलवार को टोंक-सवाईमाधोपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुखबीर सिंह जौनापुरिया की टोंक के गांधी मैदान में हुई नामांकन रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया है। सालों से राम मंदिर का मामला अटका रहा था। पीएम नरेंद्र मोदी ने सरकार में आते ही राम मंदिर का निर्माण कराया। धारा 370 भी हटा दी। इसलिए मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए अबकी बार 400 पार सीटें आनी चाहिए। इसके लिए प्रदेश में भी सभी 25 सीटें जिताएं।
'डबल इंजन की सरकार लोगों की मंशा के अनुसार काम करेगी'
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन (Madan Dilawar) की सरकार लोगों की मंशा के अनुसार काम करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनते ही पेपर लीक करने वालों पर एसआईटी का गठन कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी जेल भेजे जा रहे हैं। खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि मोदी की गारंटी ने लोगों को कई सुविधाएं दी हैं। देश विकसित भारत की ओर अग्रसर है। राम मंदिर मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है।
'कांग्रेस ने झूठी घोषणाएं कर जनता को गुमराह किया था'
जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने झूठी घोषणाएं कर जनता को गुमराह किया था। गहलोत सरकार केंद्र के भेजे पैसे का उपयोग नहीं कर पाई थी। मै विश्वास दिलाता हूं कि हर घर में सोलर सिस्टम से बिजली पहुंचेगी। घर-घर पानी पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि मोदी को तीसरी बार पीएम बनाना है और बीजेपी को जिताना है।